हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संभावित आतंकी एवं साइबर खतरों से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति तैयार की जा रही है। मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी), सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार, हरिद्वार में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेसन तथा अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुंभ मेले की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, आतंकवाद निरोधक उपायों, अभिसूचना तंत्र, साइबर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (हरिद्वार) नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अब तक की तैयारियों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। पुलिस महानिरीक्षक (कुंभ मेला) योगेन्द्र सिंह रावत तथा मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की तैयारियों और सुझावों से अवगत कराया। बैठक में प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान उमड़ने वाली संभावित भीड़ के प्रभावी प्रबंधन पर विशेष चर्चा हुई। श्रद्धालुओं के आवागमन, पैदल यात्रियों के मार्ग परिवर्तन, होल्डिंग एरिया, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। प्रमुख स्नान घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, वॉच टावरों की स्थापना और बम निरोधक दस्तों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों की जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
संभावित आतंकी गतिविधियों और अन्य सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस), विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और अभिसूचना इकाइयों की भूमिका की समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संगठित अपराध से निपटने के लिए तकनीकी और मानवीय अभिसूचना तंत्र को भी मजबूत बनाने पर बल दिया गया।
कुंभ के दौरान सोशल मीडिया और डिजिटल मंचों पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया जाएगा। ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों की रोकथाम के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। मेला क्षेत्र में आईसीसीसी, सीसीटीवी नेटवर्क, ड्रोन, एंटी ड्रोन प्रणाली और सोशल मीडिया निगरानी प्रकोष्ठ को निर्धारित समयसीमा में स्थापित कर क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। इन व्यवस्थाओं के संचालन के लिए प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों और विशेषज्ञ टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान यातायात का दबाव कम करने के लिए पार्किंग स्थलों, वैकल्पिक मार्गों, होल्डिंग क्षेत्रों और यातायात परिवर्तन की योजना की समीक्षा की गई। संभावित जाम वाले संकरे मार्गों एवं अवरोध उत्पन्न करने वाले स्थानों को पहले से चिह्नित कर उनके प्रभावी प्रबंधन के निर्देश दिए गए। रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने, ट्रेनों के नियमन, राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी को लेकर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में अग्निशमन केंद्रों, आग से बचाव के उपकरणों, संसाधनों और संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेसन और ए.पी. अंशुमान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन निकासी और यातायात संचालन की विस्तृत योजना तैयार की जाए। संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ एटीएस, एसटीएफ, बम निरोधक दस्तों और अभिसूचना इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय बनाया जाए।
उन्होंने मेला क्षेत्र, प्रमुख घाटों और रेलवे स्टेशनों पर निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाने, साइबर सुरक्षा तंत्र मजबूत करने तथा सीसीटीवी, ड्रोन और एंटी ड्रोन प्रणाली को समय से क्रियाशील करने पर जोर दिया। बाहरी राज्यों से आने वाले पुलिस बल के प्रशिक्षण एवं ठहरने की व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और निर्माणाधीन पुलिस भवनों को समय पर पूरा करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ से संबंधित प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा की जाए और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (पुलिस दूरसंचार एवं अग्निशमन) विम्मी सचदेवा ने संचार, आईसीसीसी और अग्निशमन व्यवस्थाओं, पुलिस महानिरीक्षक एवं निदेशक यातायातध्जीआरपी कृष्ण कुमार वी.के. ने यातायात एवं रेलवे सुरक्षा, पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) अनन्त शंकर ताकवाले ने पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण तथा पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) सुनील मीणा ने जनशक्ति की आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी। पुलिस महानिरीक्षक (पी एंड एमध्मुख्यालय) बरिन्दरजीत सिंह ने बजट एवं संसाधनों की उपलब्धता पर सुझाव रखे। पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) नीलेश आनन्द भरणे और पुलिस महानिरीक्षक (एसटीएफध्साइबर) ने सुरक्षा चुनौतियों एवं साइबर अपराधों से निपटने की तैयारियों की जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (अभिसूचना) मणिकांत मिश्रा ने अभिसूचना तंत्र से संबंधित प्रस्तुतिकरण दिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े देहरादून, पौड़ी और टिहरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने भी अपने जनपदों की तैयारियों से अवगत कराया।

