Latest news
महिला आरक्षण पर विशेष सत्र स्वागतयोग्य, कांग्रेसी प्रदर्शन ढोंगः महेंद्र भट्ट आपदा सुरक्षित उत्तराखण्ड के निर्माण में बड़ी पहल युवा राष्ट्रहित के लिए सदैव खड़े रहेंः डॉ. धन सिंह रावत प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 14 ग्रामों के समग्र विकास पर जोर चारधाम यात्रा से खिलवाड़ पर सख्त कार्रवाई, भ्रामक वीडियो पर एफआईआर दर्ज टिहरी में नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन दुर्घटना में आठ लोगों की मौत उपराष्ट्रपति ने एम्स ऋषिकेश के छठे दीक्षांत समारोह को संबोधित किया बदरीनाथ धाम के कपाट खुले, आस्था और उल्लास से गूंजा धाम मुख्यमंत्री धामी पहुंचे भारत के प्रथम सीमांत गांव माणा, विकास कार्यों का लिया जायजा मुख्यमंत्री धामी ने ग्राउंड जीरो पर उतरकर बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान की गहन समीक्षा की

[t4b-ticker]

Friday, April 24, 2026
Homeउत्तराखण्डचारधाम यात्राः ‘अतिथि देवो भवः’ के भाव से होगा श्रद्धालुओं का भव्य...

चारधाम यात्राः ‘अतिथि देवो भवः’ के भाव से होगा श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत, देहरादून प्रशासन की व्यापक तैयारियां शुरू

देहरादून। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशन में चारधाम यात्रा-2026 को सरल, सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संचालित करने हेतु देहरादून जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में यात्रा से संबंधित समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति हमारी सेवा भावना का अवसर है। ताकि उन्हें देवभूमि उत्तराखंड की आतिथ्य परंपरा का सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं में धनाभाव के कारण किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। यदि किसी विभाग को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो तो वह तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें, जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को 15 अप्रैल तक यात्रा से संबंधित समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ऋषिकेश एवं विकासनगर क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग, यात्रियों की ठहरने की क्षमता, पंजीकरण व्यवस्था, सड़क, पेयजल, परिवहन, भोजन, शौचालय एवं स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। सड़कों पर डायवर्जन स्थलों एवं कियोस्क प्वाइंट्स पर सुगम यातायात संचालन तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। होटल, धर्मशाला, गुरुद्वारा एवं ट्रांजिट कैंपों में श्रद्धालुओं के भोजन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई एवं रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी हेतु नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी एवं वालंटियर तैनात करने को कहा, जिससे यात्रियों को सुरक्षा एवं मार्गदर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पंजीकरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ऋषिकेश में 30 तथा विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने इन काउंटरों पर प्रशिक्षित ऑपरेटर, पर्याप्त स्टाफ, सुदृढ़ नेटवर्क व्यवस्था एवं 24 घंटे संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मोबाइल पंजीकरण टीमें भी तैनात करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को त्वरित सुविधा उपलब्ध हो सके। डीएम ने कहा कि ऑफलाइन पंजीकरण हेतु भी पुख्ता प्रबंध किए जाए। काउंटरों पर क्यू मैनेजमेंट, शेड निर्माण एवं यात्रियों को बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा हेतु होल्डिंग एरिया, पार्किंग स्थल, प्रमुख चौक-चौराहों एवं यात्रा मार्गों पर होटल, धर्मशाला, आश्रमों के दूरभाष नंबर, हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर प्रदर्शित किए जाए। प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं प्रसारित करने की व्यवस्था करें। रात्रि विश्राम हेतु समय से होटल एवं पार्किंग स्थलों का अधिग्रहण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल, कटापत्थर, हरबर्टपुर, नया गांव आदि होल्डिंग एरिया में जर्मन हैंगर स्थापित करने के साथ सभी स्थलों पर मेडिकल चेकअप, भोजन, पेयजल, शौचालय एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कहा कि भोजन व्यवस्था में स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाए तथा आकस्मिक स्थिति में पूर्ति विभाग का सहयोग लिया जाएगा। फूड पैकेट की पृथक व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसपी जया बलूनी, एडीएम (वि.रा) केके मिश्रा, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय सहित नगर निगम, लोनिवि, परिवहन, जिला पूर्ति एवं यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment - 

Most Popular

Recent Comments