देहरादून। हरिद्वार में उजागर हुए भूमि घोटाले को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश सरकार की अब तक की कार्रवाई को नाकाफी और प्रतीकात्मक करार दिया है। पार्टी का कहना है कि इस घोटाले की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और असली दोषियों को सज़ा मिल सके।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ महामंत्री नवीन जोशी ने कहा है कि यह घोटाला महज कुछ अधिकारियों की लापरवाही नहीं, बल्कि एक गहरा और संगठित आर्थिक अपराध है, जिसमें शासन के उच्च पदों पर बैठे लोगों की मिलीभगत की आशंका है। केवल निलंबन जैसी सीमित कार्रवाई से न तो न्याय संभव है और न ही जनता का भरोसा बहाल हो सकता है। श्री जोशी ने कहा कि सीबीआई जांच कराई जाए, मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो जैसी स्वतंत्र एजेंसी से होनी चाहिए। आर्थिक जांच एजेंसियों की भागीदारी हो आरोपियों की संपत्ति की जांच आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कराई जाए, जिससे यह स्पष्ट हो कि उनकी आय में भ्रष्टाचारजनित वृद्धि हुई है या नहीं। जनता को जवाब मिले -सरकार यह स्पष्ट करे कि घोटाले से सरकारी खजाने को हुए नुकसान की भरपाई कैसे और किससे होगी। कांग्रेस ने कहा है कि अगर सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास करती है या जांच को कमजोर करने की कोशिश की जाती है, तो पार्टी प्रदेश भर में आंदोलन करेगी और इस मुद्दे को जनता की अदालत तक लेकर जाएगी।
भ्रष्टाचार पर सरकार की कार्रवाई नाकाफी, कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग
RELATED ARTICLES


