देहरादून। दून विश्वविद्यालय में उत्तराखंड यंग थिंकर्स फोरम, आई-लीड ग्लोबल फाउंडेशन, यूकॉस्ट तथा दून विश्वविद्यालय स्टूडेंट काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद 2026, देहरादून के द्वितीय दिवस पर उत्तराखंड सरकार के संसदीय कार्य, वन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने देश के 21 राज्यों से आए युवा प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। अपने संबोधन में सुबोध उनियाल ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है और विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही देश प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा संसद जैसे मंच युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं तथा नीति निर्माण की प्रक्रियाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं, जो भविष्य के सशक्त और जागरूक भारत के निर्माण के लिए आवश्यक हैं।
श्री उनियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, तकनीकी दक्षता और सकारात्मक सोच महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल अपने करियर तक सीमित न रहें, बल्कि समाज, पर्यावरण और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बन रहा है। स्टार्टअप, नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अनुसंधान तथा सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में भारतीय युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रहे हैं। यह भारत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। कार्यक्रम की सराहना करते हुए सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड यंग थिंकर्स फोरम द्वारा युवाओं को राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श और संवाद का मंच प्रदान करना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने राष्ट्रीय युवा संसद 2026 के सफल आयोजन के लिए उत्तराखंड यंग थिंकर्स फोरम, दून विश्वविद्यालय स्टूडेंट काउंसिल, आई-लीड ग्लोबल फाउंडेशन, यूकॉस्ट तथा समस्त आयोजकों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर पद्मश्री लोकगायिका मधुरी बर्थवाल, यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत, मनमोहन भारद्वाज, पुनीत धनोला, विभिन्न शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य अतिथि एवं देशभर से आए युवा प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवाओं ने लोकतंत्र, सुशासन, नवाचार, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, रोजगार एवं विकसित भारत 2047 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की होगी निर्णायक भूमिकाः मंत्री सुबोध उनियाल
RELATED ARTICLES


