Latest news
कांग्रेस विधायक ने मुख्यमंत्री के साथ-साथ प्रदेश की जनता का भी किया अपमानः महाराज 39वीं अखिल भारतीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 16 नवंबर से दून में उत्तराखंड कर रहा विकास एवं सुशासन के नए आयाम स्थापितः रेखा आर्या अहिंसा, संयम और जीवदया का संदेश देकर संपन्न हुआ ऐतिहासिक वर्षायोग देहरादून में 27 नवंबर से सजेगा लिटरेचर फेस्टिवल बजरंग दल कार्यकर्ता की गिरफ्तारी पर बवाल, एसएसपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन दून पुलिस ने छठ पूजा के लिए जारी किया ट्रैफिक प्लान विधायक और मंत्री बाद में हूं, सबसे पहले आपकी बेटी हूंः रेखा आर्या शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ‘ज्ञान गौरव सम्मान’ से सम्मानित गौचर मेला हमारी विरासत को सहेजने और हमारी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम

[t4b-ticker]

Monday, November 16, 2026
Homeउत्तराखण्डदेहरादून में 27 नवंबर से सजेगा लिटरेचर फेस्टिवल

देहरादून में 27 नवंबर से सजेगा लिटरेचर फेस्टिवल

देहरादून। साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला की दुनिया की दिग्गज हस्तियों की मौजूदगी में देहरादून एक बार फिर देश के प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने जा रहा है। 27 से 29 नवंबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाले देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल में प्रख्यात संगीतकार ए.आर. रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर समेत देश की अनेक जानी-मानी हस्तियां शिरकत करेंगी। तीन दिवसीय इस महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ यानी जीवन, साहित्य और विरासत रखी गई है। महोत्सव में साहित्यिक विमर्श के साथ संगीत, सिनेमा, रंगमंच और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की आकर्षक श्रृंखला देखने को मिलेगी। महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण ए.आर. रहमान और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली के बीच होने वाला विशेष संवाद होगा। इसमें दोनों दिग्गज सिनेमा, संगीत और कहानी कहने की कला के विभिन्न पहलुओं पर अपने अनुभव साझा करेंगे। वहीं 29 नवंबर को विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज की विशेष संगीत प्रस्तुति आयोजित होगी। यह कार्यक्रम ‘दुआ-देहरादून यूनाइट्स आर्टिस्ट्स’ पहल के तहत होगा। इससे जुटाई गई धनराशि उत्तराखंड के संवेदनशील एवं ग्रामीण पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों को सहयोग देने के लिए खर्च की जाएगी।
महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के पहले उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर इसका विशेष चित्रकथा संस्करण भी जारी किया जाएगा। वर्ष 1956 में प्रकाशित इस उपन्यास ने कई पीढ़ियों के पाठकों को प्रभावित किया है। पेंगुइन इंडिया की ओर से महोत्सव के पहले दिन इसका विशेष संस्करण जारी किया जाएगा। इसके अलावा विशाल भारद्वाज की चर्चित फिल्म ‘ओमकारा’ के 20 वर्ष और फिल्म ‘पार्च्ड’ के 10 वर्ष पूरे होने पर विशेष परिचर्चाएं आयोजित होंगी।
महोत्सव के 2026 संस्करण की घोषणा देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता में की गई। इस दौरान फिल्म निर्देशक एवं संगीतकार विशाल भारद्वाज, गायिका रेखा भारद्वाज, महोत्सव के संस्थापक समरांत विरमानी, दून इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक एच.एस. मान और सहभागिता निदेशक सौम्या कुलश्रेष्ठ सहित आयोजन से जुड़े अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकार वार्ता में विशाल भारद्वाज ने कहा कि देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल लगातार एक सार्थक संवाद मंच के रूप में विकसित हो रहा है। इस बार शुरू की जा रही ‘दुआ’ पहल के माध्यम से कला और संगीत को सामाजिक बदलाव का माध्यम बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका पहला कार्यक्रम 29 नवंबर को होगा, जिसमें वह और रेखा भारद्वाज प्रस्तुति देंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल को लोगों का भरपूर समर्थन मिलेगा। सहभागिता निदेशक सौम्या कुलश्रेष्ठ ने बताया कि रहमान और इम्तियाज अली के बीच होने वाला संवाद महोत्सव के सबसे चर्चित कार्यक्रमों में शामिल रहेगा। इसमें उनकी रचनात्मक यात्राओं, फिल्मों और संगीत के पीछे की सृजन प्रक्रिया पर चर्चा होगी। वहीं रस्किन बॉन्ड के उपन्यास के विशेष संस्करण का विमोचन साहित्य प्रेमियों के लिए खास अवसर होगा। महोत्सव के संस्थापक समरांत विरमानी ने कहा कि इस वर्ष आयोजन को केवल साहित्यिक गतिविधियों तक सीमित न रखकर कला, संस्कृति और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया है। ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ की थीम के माध्यम से अतीत, वर्तमान और भविष्य के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जुटाई गई धनराशि सामाजिक पहलों के लिए समर्पित की जाएगी।
महोत्सव में अभिनेत्री शबाना आजमी भारतीय सिनेमा और रंगमंच की अपनी लंबी यात्रा तथा सामाजिक बदलाव में कला की भूमिका पर विचार साझा करेंगी। रत्ना पाठक शाह कला, पहचान और समाज के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगी। अभिनेता राज बब्बर अपनी बेटी जूही बब्बर के साथ परिवार, कला और पीढ़ियों के बीच रचनात्मक विरासत पर संवाद करेंगे।
फिल्म ‘ओमकारा’ के 20 वर्ष पूरे होने पर विशाल भारद्वाज फिल्म के निर्माण और उसकी रचनात्मक यात्रा से जुड़े अनुभव साझा करेंगे। वहीं ‘पार्च्ड’ के 10 वर्ष पूरे होने पर निर्देशक लीना यादव, अभिनेत्री सयानी गुप्ता और तनिष्ठा चटर्जी महिलाओं के संघर्ष, इच्छाओं और फिल्म की सामाजिक प्रासंगिकता पर चर्चा करेंगी। दून इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक एच.एस. मान ने कहा कि इस स्तर का महोत्सव विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को देश के श्रेष्ठ विचारकों, कलाकारों और रचनात्मक प्रतिभाओं से जुड़ने का अवसर देता है। इससे युवाओं में जिज्ञासा, रचनात्मकता और विचारशीलता को बढ़ावा मिलेगा। महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। इच्छुक लोग इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण करा सकते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments